भारत जोड़ो यात्रा: सोनिया गांधी हुई शामिल, मां के जूतों के फीते बांधते नजर आए राहुल गांधी

“सोनिया गांधी 4 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थीं. उन्होंने दशहरा पर एचडी कोट विधानसभा के बेगुर गांव में भीमनाकोली मंदिर में पूजा अर्चना की। सोनिया आज मंड्या जिले के जक्कनहली से पदयात्रा में शामिल हुईं”

कर्नाटक। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी कर्नाटक में गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या में राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पदयात्रा में शामिल हुईं। सोनिया राहुल के साथ पैदल चलीं। इस दौरान राहुल गांधी मां सोनिया गांधी के जूतों के फीते बांधते नजर आए। भारत जोड़ो यात्रा आज पांडवपुरा से नागमंगला तालुक तक जाएगी।

सोनिया गांधी कांग्रेस की पदयात्रा में ऐसे वक्त पर शामिल हुईं, जब पार्टी में अध्यक्ष पद को लेकर घमासान मचा है। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होना है।

लंबे समय बाद सोनिया ने दिखाई सक्रियता

लंबे समय बाद सोनिया किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने पिछले कुछ चुनावों में प्रचार भी नहीं किया था। भारत जोड़ो यात्रा के शुरुआत के वक्त सोनिया गांधी विदेश में अपना इलाज करवा रही थीं। उस वक्त उनकी मां का भी निधन हो गया था। सोनिया के साथ प्रियंका और राहुल भी इटली गए थे। सोनिया कुछ दिनों पहले ही वह भारत लौटी हैं।

4 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थीं सोनिया

सोनिया गांधी 4 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थीं। उन्होंने दशहरा पर एचडी कोट विधानसभा के बेगुर गांव में भीमनाकोली मंदिर में पूजा अर्चना की। सोनिया आज मंड्या जिले में पदयात्रा में शामिल हुईं। वे कुछ दूर तक अपने बेटे राहुल गांधी के साथ भी चलेंगी।

इससे पहले बुधवार को सोनिया गांधी ने अपने बेटे राहुल गांधी के साथ दशहरा मनाया। सोनिया मैसूर जिले के एचडी कोटे तालुक में काबिनी बांध के बैकवाटर के पास एक रिसॉर्ट में रूकी थीं। यहां राहुल गांधी दशहरा के ब्रेक पर उनसे मिलने गए थे। इसके बाद राहुल गांधी और सोनिया गांधी काबिनी फॉरेस्ट सफारी भी गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *