मदनपुर— शासकीय प्राथमिक शाला मदनपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षाविद श्री सात्यिकि सिंह परिहार ने की। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्य, पालकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रांगण में प्रातः 6:30 बजे से योगाभ्यास की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान श्री सात्यिकि सिंह परिहार ने विद्यार्थियों को योग, विभिन्न आसनों तथा प्राणायाम के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन नियमित रूप से योग और प्राणायाम करना चाहिए, क्योंकि योग से शरीर का विकास होता है और प्राणायाम से मानसिक संतुलन एवं एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने यह भी बताया कि नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है और विभिन्न रोगों से बचाव संभव है।
प्रधान पाठक श्री देवेंद्र परिहार ने अपने संदेश में कहा कि योग एक दिन का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। आज के इस योग सत्र में जो आसन और प्राणायाम सिखाए गए हैं, उनका नियमित अभ्यास ही वास्तविक लाभ प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास का आनंद लिया। इस अवसर पर श्री महेंद्र सिंह परिहार, श्री रामपूजन सिंह परिहार, श्रीमती हेमा राय, श्रीमती ज्ञानेश्वरी परिहार, श्रीमती उमा परिहार, श्री विक्रम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पालक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
योग दिवस का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा, बल्कि उपस्थित सभी लोगों के लिए स्वास्थ्य और आत्मअनुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी सिद्ध हुआ।