शुक्रवार 13 दिसंबर को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जीपी सिंह राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास पर पहुंचने वाले हैं। लंबी कानूनी लड़ाई जीतने के बाद उनकी घर वापसी को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
![](https://amrittimes.com/wp-content/uploads/2025/01/26janntpc-1-655x1024.jpg)
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीनियर आईपीएस अधिकारी जीपी सिंह केंद्र सरकार से बहाली का आदेश जारी होने के बाद शुक्रवार 13 दिसंबर को रायपुर पहुंचने वाले हैं। लंबी कानूनी लड़ाई में जीत हासिल हासिल करने के बाद उनके घर आगमन के दौरान घर को सजाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक श्री सिंह शुक्रवार 13 दिसंबर को राजधानी पहुंचेंगे। केंद्र सरकार द्वारा बहाल किए जाने का आदेश जारी होने के बाद घर में उत्सव की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि, आतिशबाजी की तैयारी भी की गई है। श्री सिंह छत्तीसगढ़ हीं नहीं बल्कि देश के पहले आईपीएस हैं जो काफी संघर्ष और कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद वापस सेवा में लौट रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि, केंद्र सरकार की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो जाने के बाद श्री सिंह की बहाली का आदेश केंद्र ने जारी किया है। उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार 10 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के आईपीएस अधिकारी जीपी सिंह के खिलाफ अनिवार्य सेवानिवृत्ति के आदेश को रद्द करने के खिलाफ भारत संघ की चुनौती को खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय और न्यायमूर्ति एसवीएन भट्टी की पीठ ने दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को केंद्र की चुनौती पर यह आदेश पारित किया, जिसमें सिंह की अनिवार्य सेवानिवृत्ति को रद्द करने के केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण के फैसले को बरकरार रखा गया था।