रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी आश्रम परिसर में आयोजित उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ के करम पूजा परब 2025 महोत्सव में शामिल हुए।

उन्होंने भगवान करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही, भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करम परब केवल पर्व नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। इस परंपरा को जीवित रखना हमारी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमारे प्रकृति प्रेम और पर्यावरण चेतना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सभी को करम परब की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नवीन कुमार भगत अपर कलेक्टर गरियाबंद व डॉ. वंदना भगत रही। इसके अलावा वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी, उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।