रायपुर। छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश से राहत सामग्री लेकर एक ट्रेन भी दंतेवाड़ा के लिए रवाना होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा इलाके में बाढ़ के हालात हैं। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 5 करोड़ की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दी गई है। साथ ही राहत सामग्री लेकर ट्रेन भी रवाना हो रही है। मध्यप्रदेश पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के साथ खड़ा है। आगे भी आवश्यकता पड़ने पर मदद दी जाएगी।”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सहयोग के लिए डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।”