रायपुर : नया रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे सत्य साई अस्पताल के पास उस वक्त हुआ, जब निखिल अपनी बाइक से जा रहा था। बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर दो युवक सवार थे, जिनमें से निखिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिरहसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। मंत्री केदार कश्यप भी सूचना मिलने पर स्वयं घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला तेज़ रफ़्तार और बाइक पर नियंत्रण खोने का प्रतीत होता है। मृतक निखिल कश्यप का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।