Big breaking- मंत्री टीएस सिंहदेव अचानक दिल्ली हुए रवाना, सियासी अटकलों का बाजार हुआ गरम

दिग्विजय, हरीश रावत के आने की भी चर्चा

• पुनिया और अजय माकन का दौरा संभावित

कल दिल्ली से वापस लौटेंगे सिंहदेव

रायपुर। सूत्रों से खबर आ रही है कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एक बार फिर से दिल्ली प्रवास पर निकल गए हैं। दिल्ली दौरे की खबर आते ही सत्ता के गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

बता दें कि आज स्वास्थ्य मंत्री ने विभाग की समीक्षा बैठक ली थी। जिसके तत्काल बाद ही वे दिल्ली के लिए रवाना हुए। लम्बे समय से दिल्ली प्रवास पर रहे स्वास्थ्य मंत्री आज अचानक फ़िर लौट गए हैं दिल्ली। अनुमान है कि वहां वे हाइकमान से मिल सकते हैं।

सिंहदेव अभी परसों ही दिल्ली से वापस रायपुर पहुंचे थे। इन दिनों प्रदेश में ढाई-ढाई साल का मुद्दा गरमाया हुआ है जिसके चलते छत्तीसगढ़ के अधिकांश नेता, मंत्री व कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि उनके एक समर्थक ने जानकारी दी कि उनका यह दिल्ली दौरा राजनीतिक नहीं है। वे इस दफा पारिवारिक आयोजन में शामिल होने गए हैं।

रविवार को उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की। चिकित्सा शिक्षा विभाग और दवाओं की खरीदी की प्रक्रिया के बारे में निर्देश दिए। अगले कुछ दिनों में वे पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के साथ जीएसटी विभाग के कामकाज की समीक्षा करने वाले थे। अचानक उनके दिल्ली जाने से कई तरह के कयास शुरू हो गए हैं। बताया गया, सिंहदेव कल दिल्ली से लौटेंगे।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक एक-दो दिनों में AICC के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया और पार्टी महासचिव अजय माकन रायपुर आने वाले हैं। हालांकि अजय माकन का दौरा पहले से तय बताया जा रहा है। उन्हें 3 सितम्बर को एक प्रेस वार्ता के लिए आना था।

इस बीच चर्चा यह भी है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस हाइकमान कुछ वरिष्ठ राजनेताओं को रायपुर भेजने की तैयारी में है। डैमेज कंट्रोल और सुलह-समझौते की राह निकालने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व केंद्रीय मंत्री शैलजा कुमारी के यहां आने की चर्चा है। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल का भी नाम चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *