छत्तीसगढ़: लापता ऑटो चालक की कुएं में मिली लाश, हंगामा मचने पर FIR नहीं दर्ज करने वाला ASI लाइन अटैच

अंबिकापुर/बतौली। अंबिकापुर में सोमवार सुबह लापता ऑटो चालक का शव एक कुएं में मिलने के बाद हंगामा हो गया। मृतक की बेटियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नेशनल हाईवे NH-43 पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए। करीब 3 घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस व प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। वहीं, कार्रवाई नहीं करने पर एक ASI संतोष तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया है।

थाने में शिकायत लेकर पहुंचे तो ASI संतोष तिवारी डांटकर भगा दिया

जानकारी के मुताबिक, बतौली क्षेत्र के शांतिपारा निवासी नरेंद्र मिश्रा (40) अपनी पत्नी और 3 बेटियों के साथ रहते थे और ऑटो चलाते थे। वह 24 सितंबर को घर से निकले, लेकिन इसके बाद से कुछ पता नहीं था। काफी तलाश के बाद भी नरेंद्र नहीं मिले तो परिजन थाने में शिकायत लेकर पहुंचे। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात ASI संतोष तिवारी ने उनकी शिकायत ही नहीं सुनी और भगा दिया। इसके बाद सोमवार सुबह वहीं एक कुएं से उनका शव मिला। जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया।

बाहरी लोगों पर हत्या का आरोप, कुछ दिन पहले हुआ था विवाद

परिजनों और ग्रामीणों का कहना था कि ऑटो चालक नरेंद्र मिश्रा की हत्या की गई है। कुछ दिन पहले बाहरी जिलों से काम की तलाश में आए लोगों से नरेंद्र मिश्रा का विवाद हुआ था। इसके बाद उन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने उनके ऊपर ही हत्या करने और फिर शव को कुएं में फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक नरेंद्र मिश्रा की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और परिजनों को 10 हजार की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जाम खत्म हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *