मोदी की रिपोर्ट‑कार्ड राजनीति: मुंगेली में शिवरतन शर्मा का आकलन..

मुंगेली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यों को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह बात भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाटापारा के पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने सरदार वल्लभ भाई पटेल सामुदायिक भवन में आयोजित “प्रोफेशनल मीट” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। यह कार्यक्रम जिला भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किया गया था।

पूर्व विधायक श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीतिक संस्कृति में आमूलचूल परिवर्तन आया है। उन्होंने सरकार को जवाबदेह बनाते हुए “रिपोर्ट कार्ड की राजनीति” की शुरुआत की है। श्री शर्मा ने बताया कि 2014 से पहले की सरकारें तुष्टिकरण और समाज को खंडित करने की राजनीति करती थीं, लेकिन मोदी सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को चरितार्थ किया है।

उन्होंने कहा कि धारा 370 को हटाना एक असंभव कार्य माना जाता था, जिसे मोदी सरकार ने संभव कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर में हुए चुनावों में उल्लेखनीय मतदान दर इसका प्रमाण है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार जनता के नेतृत्व वाली सरकार है, जिसने पारदर्शिता और दूरदर्शी प्रशासन को स्थापित किया है।

श्री शर्मा ने बताया कि मोदी सरकार ने तीन तलाक, वक्फ अधिनियम, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और महिलाओं को विधायी निकायों में 33% आरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इन 11 वर्षों में देश ने आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव देखी है।

कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में बीते 11 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के रहे हैं। अब सत्ता सेवा बन गई है, सरकार सहभागी बन गई है और सुशासन प्रशासन की संस्कृति बन चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने देश को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्त करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को साकार किया है।

कार्यक्रम में संकल्प से सिद्धि अभियान के संयोजक गुरमीत सलूजा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन सुनील पाठक ने किया और आभार प्रदर्शन भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने किया। इस अवसर पर नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन और व्यवसायीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने 11 वर्ष के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले, गिरीश शुक्ला, शैलेश पाठक, गुरमीत सलूजा, द्वारिका जायसवाल, सौरभ बाजपेयी, राजीव श्रीवास, नागेश्वर जायसवाल, अभिलाष द्विवेदी सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *