रायपुर : रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब छह माह से फरार चल रहा सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र सिंह तोमर उर्फ रूबी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ रायपुर के थाना तेलीबांधा और पुरानी बस्ती में मारपीट, अवैध संपत्ति, आर्म्स एक्ट और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वीरेन्द्र तोमर और उसका भाई रोहित सिंह तोमर लंबे समय से फरार थे। दोनों के खिलाफ थाना तेलीबांधा का अपराध क्रमांक 332/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस, थाना पुरानी बस्ती का अपराध क्रमांक 229/25 धारा 25 आर्म्स एक्ट तथा अपराध क्रमांक 230/25 धारा 308(2), 111(1) भा.न्या.स. और धारा 4 छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला था कि आरोपी ने “विस्टों फाइनेंस” नाम से एक ग्रुप बनाकर अवैध वसूली का जाल फैला रखा था। उसके पास से करोड़ों रुपये के लेन-देन और हिसाब-किताब से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त हुई थी। पहले की कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के घर से अवैध हथियार भी बरामद किए थे।
फरारी के दौरान आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग नहीं कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीमों को राजस्थान, हरियाणा और ग्वालियर भेजा गया था। लगातार निगरानी और रेकी के बाद पुलिस टीम ने ग्वालियर से आरोपी को धर दबोचा।

आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर ने नकद इनाम की घोषणा की थी। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है, वहीं फरार आरोपी रोहित तोमर की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी:
वीरेन्द्र सिंह तोमर उर्फ रूबी, पिता स्व. ओमप्रकाश तोमर, निवासी साईं विला, भाठागांव, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।
निरीक्षक शील आदित्य सिंह (थाना प्रभारी पुरानी बस्ती), निरीक्षक परेश कुमार पांडेय (प्रभारी, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट), उपनिरीक्षक सतीश पुरिया, मुकेश सोरी, सउनि गेंदूराम नवरंग, प्र.आर. गुरुदयाल सिंह, उपेंद्र यादव, महेंद्र राजपूत, सुनील सिलवाल, प्रमोद वर्ठी, घनश्याम साहू, म.प्र.आर. बसंती मौर्या, आर. प्रमोद बेहरा, विकास क्षत्री, भूपेंद्र मिश्रा, मनोज सिंह, संतोष सिन्हा, आशीष राजपूत और अभिषेक सिंह तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।