मुंगेली। नगर पालिका मुंगेली को जल्द ही एक नया और अत्याधुनिक कार्यालय भवन मिलने जा रहा है। राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भवन निर्माण के लिए 8 करोड़ 17 लाख 31 हजार रुपए की राशि स्वीकृत कर दी है।
इस राशि की स्वीकृति उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के पश्चात दी गई है। विभाग के संचालनालय द्वारा यह राशि अधोसंरचना मद से मंजूर की गई है।
उप मुख्यमंत्री साव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही इसे निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव के गृह जिले मुंगेली में नया भवन नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ प्रदान करने और प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।