नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड (National Herald case) मामले में बुधवार को लगातार तीसरे दिन ED (ED questioned) ने राहुल गांधी से पूछताछ की। ED ऑफिस पहुंचे राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से करीब 9 घंटे तक पूछताछ हुई, उन्हें फिर से पूछताछ के लिए शुक्रवार को बुलाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल ने नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ में ED को बताया कि नेशनल हेराल्ड की मालिकाना हक वाली यंग इंडिया कंपनी से एक पैसा नहीं निकाला गया है।
उन्होंने बताया कि यंग इंडिया एक नॉन-प्रॉफिट कंपनी है। इसके बाद ED के अफसरों ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि कंपनी ने 2010 में स्थापना के बाद से कोई चैरिटी का काम भी तो नहीं किया है। अफसरों ने कहा- अगर कंपनी ने कोई चैरिटी की है तो इससे जुड़े डॉक्यूमेंट्स या सबूत जमा करें।
बता दें कि राहुल लंच के बाद दोबारा करीब 4 बजे ED ऑफिस पहुंचे थे। लंच से पहले 3.30 घंटे तक ED ने उनसे पूछताछ की। 3 दिन में राहुल से 30 घंटे से ज्यादा वक्त तक पूछताछ हो चुकी है।
इधर देशभर में प्रदर्शन, सचिन पायलट हिरासत
नेशनल हेराल्ड मामले राहुल गांधी से हो रही पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिनभर विरोध किया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता सचिन पायलट को दोपहर में हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी से ED की पूछताछ के विरोध में NSUI के दो कार्यकर्ता दिल्ली में पानी की टंकी पर चढ़ गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने उन्हें समझाकर नीचे उतारा।
इससे पहले सुबह जब राहुल ED ऑफिस के लिए रवाना हुए तो पार्टी नेता और कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन करने उतर आए। कई महिला कार्यकर्ता पुलिस ने भिड़ गईं, पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया है। वहीं, कांग्रेस कार्यालय में पुलिस की एंट्री पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर अपना गुस्सा दिखाया।
बिना इजाजत प्रदर्शन का दर्ज हो सकता है मामला
पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं ली थी। कांग्रेस को इस बारे में सूचित किया गया था कि धारा 144 लगाई गई है, इसके बाद भी कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया।
इसके जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि पुलिस पर FIR दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता शाम 4 बजे देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे।