भाटापारा। जय रघुपति राघव राजा राम,जय पतित पावन सीताराम। 24 अगस्त से शुरू हो रही यह गूंज, 31 अगस्त तक शहर सहित, ग्रामीण अंचलों तक सुनाई देगी। आयोजन की तैयारियों के बीच सुखद खबर यह कि इस बरस शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
82 बरस पूरा करने के बाद 83 वें साल में प्रवेश कर रहा श्री अखंड रामनाम सप्ताह का आयोजन, पूरी गरिमा और भव्यता के साथ होगा। कोविड-19 के नियमों के परिपालन के साथ, इस बरस का यह आयोजन, इसलिए बेहद खास होगा क्योंकि जिला प्रशासन ने शोभायात्रा की अनुमति दे दी है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए कड़ी शर्तों के साथ, प्रतीकात्मक रूप से सीमित टोलियां शोभायात्रा की अगुवायी करेंगी।
• पूरे हुए 82 बरस
बेहद सीमित संसाधन के साथ 1938 में जब इस आयोजन की नींव रखी गई तब, शायद सोचा भी नहीं गया होगा कि निरंतरता को गति मिलती रहेगी। 2021 में 83 वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह आयोजन, अब छठवीं पीढ़ी के हाथों में जाने के लिए तैयार है, उसी श्रद्धा और भक्ति के साथ, जैसे पहले के वर्षों में था।
• निकलेगी शोभायात्रा
24 अगस्त से शुरू हो रहे श्री अखंड रामनाम सप्ताह का समापन 31 अगस्त को होगा। इस बीच दर्शन और भजन, कोविड-19 नियम परिपालन के साथ किए जा सकेंगे। समापन दिवस पर शोभायात्रा अपने पुराने रूट पर निकलेगी लेकिन भजन टोलियों की संख्या बेहद कम होगी। आयोजन समिति को कोविड-19 के नियम पालन के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
• दिखाई सदाशयता
श्री अखंड रामनाम सप्ताह के आयोजन से जुड़ी आस्था और भावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने आयोजन और शोभा यात्रा की अनुमति दे दी है। शोभा यात्रा के लिए कोविड-19 के नियमों के पालन को लेकर आयोजन समिति को निर्देश दिया गया है कि इसमें जरा भी कोताही नहीं दिखाई जानी चाहिए। इसका ध्यान रखना होगा।
“कोविड-19 के नियमों के परिपालन के साथ आयोजन और शोभायात्रा निकाली जाएगी। आग्रह है कि सहयोग दें ताकि सभी कार्यक्रम निर्बाध रुप से संपन्न हो सके”।
- अनिल चांडक, अध्यक्ष, श्री अखंड रामनाम सप्ताह समिति, भाटापारा

