पामगढ़।
पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश पर रेत घाटों से अवैध वसूली और अधिकारियों तक कमीशन पहुँचाने के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित ऑडियो क्लिप्स ने जिले की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
वायरल बातचीत में कथित तौर पर एक रेत संचालक और महिला के बीच हर महीने लगभग 10 लाख रुपये की वसूली की चर्चा सामने आई है। इसमें बंटवारे का भी जिक्र है—
5 लाख रुपये विधायक के हिस्से
2 लाख रुपये कलेक्टर को
2 लाख रुपये एसडीएम को
1 लाख रुपये अन्य लोगों को
ऑडियो में यह भी कहा गया है कि जब्त वाहन छुड़वाने के लिए 3 लाख रुपये दिए गए और आगे हर महीने 10 लाख रुपये भुगतान की व्यवस्था तय की गई।
हालाँकि, विधायक शेषराज हरबंश ने इन आरोपों को पूरी तरह से साजिश बताया है। उनका कहना है कि दिसंबर 2024 में वे दिल्ली में थे और उस समय की बातचीत को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि ऑडियो में जिस रकम का जिक्र है, वह किसी तरह का कमीशन नहीं बल्कि चालान की राशि थी। उनके अनुसार, देवराघटा में खनन विभाग ने दो गाड़ियाँ पकड़ी थीं, जिन पर करीब 8 लाख रुपये का चालान बनना था। उनकी दखल के बाद मामला 3 लाख रुपये में निपटा और यही रकम ऑडियो में “पैसे भेजने” के रूप में सुनी जा रही है।
इस पूरे मामले ने जिले की राजनीति को गरमा दिया है। विपक्ष ने विधायक से इस्तीफ़े की माँग उठाई है, वहीं समर्थक इसे विपक्ष की साजिश करार दे रहे हैं। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जाँच पर टिकी हुई हैं।