बिलासपुर में डायरिया फैला तो पानी सप्लाई बंद: 4 दिनों से पानी के लिए तरस रहे लोग, CMO बोले- बीमारी न फैले इसलिए बंद कराया

बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर नगर पालिका क्षेत्र में डायरिया का प्रकोप नहीं थम रहा है। इसे देखते हुए CMO ने एक वार्ड में पानी की सप्लाई बंद करा दिया है, जिसके चलते मोहल्ले के लोग पिछले चार दिनों से पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं।

इधर, CMO का कहना है कि बीमारी न फैले इसलिए वार्ड में बोर को बंद कराया गया है और टैंकर के जरिए पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।दरअसल, जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम ने बीते दिनों डायरिया प्रभावित महमाई पारा वार्ड का दौरा किया था, और पानी के खराब होने के संदेह पर पानी सप्लाई बंद करा दिया था। पानी का सेम्पल चेक करने के लिए PHE विभाग भेजा गया, जांच में पीने योग्य पानी होने पर सप्लाई शुरू करने की बात कही गई थी।

इधर पानी सप्लाई बंद होने से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। वार्डवासियों को नहाने और कपड़ा, बर्तन धोने के लिए तालाब से पानी लाना पड़ रहा है। हालांकि पीने के लिए टैंकर के द्वारा पानी सप्लाई किया जा रहा है, लेकिन टैंकर से पानी आने पर भी लोग लंबी कतार लगाकर पानी लेने मजबूर हैं।

कोटा में मलेरिया और रतनपुर में डायरिया बना हॉट-स्पॉट

कोटा क्षेत्र में मलेरिया का प्रकोप बना हुआ है। इसी के साथ क्षेत्र में डायरिया के मरीज भी मिल जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन का अमला यहां तैनात है, जिसके बाद भी लगातार इन क्षेत्रों में मलेरिया और डायरिया के मरीज मिल रहे हैं। कोटा क्षेत्र के वनांचल इलाकों में मलेरिया के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं तो वहीं रतनपुर क्षेत्र में डायरिया थमने का नाम नहीं ले रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *