राज्योत्सव और डीजी कॉन्फ्रेंस में होंगे शामिल, तीन दिन रुकेंगे रायपुर में
रायपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने दो बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। उनका पहला दौरा राज्य गठन दिवस यानी राज्योत्सव के अवसर पर तय किया गया है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ गठन के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, ऐसे में राज्योत्सव इस बार विशेष रूप से भव्य होने जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 31 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे, और 1 नवंबर को होने वाले राज्योत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री का दूसरा दौरा नवंबर के अंत में प्रस्तावित है। इस दौरान रायपुर में डीजी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जो 28 से 30 नवंबर तक चलेगी। इस सम्मेलन में देशभर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), सीआरपीएफ, तथा अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिनों तक रायपुर में रहेंगे और इस दौरान महत्वपूर्ण सुरक्षा व प्रशासनिक बैठकों में हिस्सा लेंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार ने दोनों कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्योत्सव स्थल से लेकर डीजी कॉन्फ्रेंस के आयोजन स्थलों तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर उच्चस्तरीय तैयारी की जा रही है।