अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की होगी कोविड जाॅच
समय सीमा की बैठक सम्पन्न
मुंगेली। कलेक्टर अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने समय सीमा के लंबित प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों से वन-टू-वन जानकारी प्राप्त की और निराकरण के संबंध में संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने कहा कि कोविड-19 संभावित तीसरी लहर को देखते हुए कोविड जाॅच में तेजी लाने एवं अन्य राज्यों से आने वाले लोगो का अनिवार्य रूप से कोविड जाॅच करवाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होने कोविड-19 टीकाकरण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में उन्होने धान उठाव के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा सभी समितियों में यूरिया भेजने हेतु डीएमओं को निर्देश दिये। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण चयनित भूमिहीन पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होने अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन, व्यपवर्तन के प्रकरण, वन अधिकार पट्टा की भुईया साफ्टवेयर में प्रविष्ट की जानकारी, नक्शे में खसरा बटा नबरों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होने वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय तथा गोठानों में चारागाह से अतिक्रमण हटाने, गोठानों एवं चारागाहों में सोलर पंप हेतु जमा राशि, गोठानों एवं चारागाहो में बाड़ी विकास की प्रगति आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में उन्होने मुख्यमंत्री वृक्षा रोपण योजना, धारा 92 के अंतर्गत वसूली, सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत वसूली आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होने स्कूली बच्चों के लिए जारी जाति प्रमाण पत्र की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होने आंगनबाड़ी केंद्रो के भवन निर्माण, शौचालय निर्माण, पेयजल की सुविधा हेतु स्वीकृत कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित व्यास, वनमण्डाधिकारी रामअवतार दुबे, अपर कलेक्टर राजेश नशीने, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनील सोनी सहित सभी अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

