खरसिया ठुसेकेला हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा, पड़ोसी और नाबालिग गिरफ्तार

रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला राजीवनगर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज़ 48 घंटे में खुलासा कर दिया। मृतक बुधराम उरांव (42), पत्नी सहोद्रा (37) और दोनों बच्चों अरविंद (12) व शिवांगी (5) की हत्या पड़ोसी लकेश्वर पटैल और एक नाबालिग ने मिलकर की थी।

जांच में सामने आया कि चरित्र शंका और पुरानी रंजिश इस नृशंस हत्या की वजह बनी। आरोपियों ने धारदार हथियार से पूरे परिवार की हत्या कर शवों को घर के भीतर दफनाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उन्हें घसीटकर बाड़ी के खाद गड्ढे में छिपा दिया गया।

11 सितंबर को ग्रामीणों ने घर के अंदर खून के धब्बे देखकर पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव बरामद किए। तत्पश्चात थाना खरसिया में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी लकेश्वर पटैल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की। घटनास्थल पर री-क्रिएशन कराया गया और आरोपियों के निशानदेही पर हथियार, कपड़े व अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी :

  1. लकेश्वर पटैल (32 वर्ष) पिता बंशी लाल पटैल, निवासी राजीवनगर ठुसेकेला
  2. एक नाबालिग (विधि के साथ संघर्षरत बालक)

आरोपी लकेश्वर पटैल का पूर्व में भी हत्या का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

इस खुलासे में आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में बनी विशेष टीमों की अहम भूमिका रही। डॉग स्क्वॉड, एफएसएल, फिंगरप्रिंट और कई थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *