
चंद मिनटों में जिला प्रशासन व नगर पालिका की टीम द्वारा मुंगेली के राजेंद्र नगर वार्ड में खुले अनुपयोगी बोरवेल को तत्काल कैप लगवाकर ढका गया
मुंगेली शहरी क्षेत्र की महिला ने शाम 6.30 बजे कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह को मोबाइल से अवगत कराया था
मीनाक्षी यादव को खुले अनुपयोगी बोरवेल की सूचना देने पर गुलदस्ता भेंट कर किया सम्मानित


मुंगेली। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने नगर पालिका परिषद मुंगेली के राजेंद्र नगर वार्ड में खुले अनुपयोगी बोरवेल की जानकारी मिलने पर तत्काल संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर नवीन भगत और नगर पालिका परिषद मुंगेली की टीम ने उक्त स्थान पर तत्काल पहुंचकर अनुपयोगी बोरवेल को कैप लगवाकर ढका गया। वहीं कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार खुले अनुपयोगी बोरवेल की सूचना देने वाली मीनाक्षी यादव को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
जागरूक महिला मीनाक्षी यादव द्वारा जिम्मेदार नागरिक होने के परिचय देने की सराहना करते हुए मुंगेली कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने सभी से खुले में बोरवेल होने की सूचना जिला प्रशासन को देने की अपील की है।