छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा के कुशल, दूरदर्शी और समर्पित अधिकारी रवि मित्तल एक बार फिर राज्य सरकार की पहली पसंद बनकर सामने आए हैं। मंगलवार को राज्य शासन ने उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया है। उल्लेखनीय है कि वे जनसंपर्क विभाग के आयुक्त और संवाद सीईओ के रूप में पूर्ववत अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
यह नियुक्ति न केवल श्री मित्तल के प्रशासनिक अनुभव और दक्षता का सम्मान है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकार उन्हें अपनी टीम का एक विश्वसनीय और रणनीतिक सहयोगी मानती है।
जनसंपर्क विभाग के प्रमुख अधिकारी के रूप में श्री मित्तल ने अब तक शासन की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों को जनता तक प्रभावी रूप से पहुँचाने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। संवाद के सीईओ के तौर पर उन्होंने मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क रणनीति और संचार नीति के क्षेत्र में अपनी दक्षता का लोहा मनवाया है। उनके नेतृत्व में जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली में नवाचार और पारदर्शिता आई है, जिससे सरकार की योजनाएँ ज़मीनी स्तर तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँची हैं।
श्री मित्तल की छवि एक मृदुभाषी, नीति-निष्ठ, और निर्णयक्षम अधिकारी की रही है। उन्होंने हर प्रशासनिक भूमिका में अपनी योग्यता और कुशलता का परिचय दिया है। उनकी कार्यशैली में रणनीतिक सोच, सटीक योजना निर्माण और व्यावहारिक क्रियान्वयन की समुचित झलक मिलती है। मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्होंने शासन और समाज के बीच एक पारदर्शी संवाद की मजबूत कड़ी विकसित की है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में उनकी नई भूमिका निःसंदेह शासन के उच्च स्तर पर संचार, समन्वय और नीति क्रियान्वयन को और अधिक सशक्त बनाएगी। उनकी कार्यकुशलता और समर्पण निश्चित रूप से राज्य शासन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होंगे।