पुणे में भक्त ने दगडूशेठ हलवाई गणपती को चढ़ाया 10 किलो सोने का मुकुट, तकरीबन 6 करोड़ है कीमत

दान देने वाले ने नहीं बताया अपना नाम

पुणे समेत पूरे महाराष्ट्र में 10 दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव जारी है। इस बीच बप्पा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करने के लिए पुणे के एक भक्त ने श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपती को 10 किलो गोल्ड से बना एक मुकुट चढ़ाया है। इस मुकुट की कीमत तकरीबन 6 करोड़ रुपए बताई जा रही है। गोल्ड के अलावा इसमें कीमती माणिक भी जड़े हुए हैं।

नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं दानी

दगडूशेठ हलवाई गणपति मंडल के ट्रस्टी महेश सूर्यवंशी ने बताया कि यह मुकुट पुणे के एक उद्योगपति ने गुप्त दान के रूप में दिया है। वे अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं। वे और उनका परिवार अकसर श्रीमंत के दरबार में दर्शन के लिए आते रहते हैं।

मुकुट बनाने वाले कारीगरों को दिए गए 80 लाख रुपए

इस मुकुट पर बेहद सुंदर कारीगरी की हुई है। मुकुट में भगवान शंकर और मां पार्वती का चित्र अंकित किया गया है। मंदिर ट्रस्टी ने मुकुट के वजन के अलावा अन्य जानकारी देने से मना कर दिया है। वर्त्तमान के हिसाब से इसमें लगे गोल्ड और माणिक की कीमत तकरीबन 5 करोड़ रुपए है। इसके डिजाइन को तैयार करने का मेहनताना तकरीबन 80 लाख बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *