रायपुर। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाई जा सकती है। सुष्मिता देव सिंह के इस्तीफे के बाद राजनीतिक सूत्र इस बात की पुष्टि कर रहे हैं। हालांकि इस बात की अटकलें पिछले करीब 10 दिनों से लग रही थी, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस संगठन में कुछ बदलाव हो सकता है। महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी हटाने को लेकर चर्चाएं चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही सुष्मिता देव सिंह ने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष को सौंप दिया। माना जा रहा है कि इसी सप्ताह फूलोदेवी नेताम को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कुछ बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ से दिवंगत मोतीलाल वोरा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रह चुके हैं इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी भी लंबे समय तक एआईसीसी में केंद्रीय नेतृत्व के साथ रहे, लेकिन उसके बाद छत्तीसगढ़ से कोई भी नेता शीर्ष संगठन के पदों पर नहीं जा पाया है। अगर फूलोदेवी नेताम राष्ट्रीय अध्यक्ष बनती है, तो वो छत्तीसगढ़ से शीर्ष पदों पर जाने वाली पहली नेता बन जायेगी। फूलोदेवी नेताम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की चर्चा काफी जोरों पर है।
पेगासस मामले में चर्चा में आयी फूलोदेवी नेताम
फूलोदेवी नेताम बड़ा आदिवासी चेहरा हैं, राज्यसभा सांसद होने की वजह से उनकी दावेदारी इस पद पर और बढ़ गयी है। फूलोदेवी नेताम अभी छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। और कांग्रेस संगठन में काफी सक्रिय भी है। बस्तर क्षेत्र से आने वाली नेता फूलोदेवी के बारे में कहा जाता है कि वो जमीन से जुड़ी हुई नेता है। पेगासास मुद्दे और राज्यसभा में हुए हंगामे में फूलोदेवी नेताम काफी चर्चा में आयी थी।