एनएसपीसी 2025 प्रतियोगिता के पत्रक का विमोचन, पर्यावरण संरक्षण हेतु विद्यार्थियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

मुंगेली।
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि छत्तीसगढ़ प्रांत की योजना अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता (NSPC 2025) के पत्रक का विमोचन मुंगेली जिले के कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल तथा जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय के करकमलों द्वारा किया गया।

आपको बता दें कि यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता पूरे भारतवर्ष में 1 जुलाई से 21 अगस्त 2025 तक आयोजित की जा रही है। प्रथम चरण में 1 जुलाई से 21 अगस्त तक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसका परिणाम 30 अगस्त को घोषित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर के विद्यार्थी सहित सभी नागरिक भी भाग ले सकते हैं। पंजीयन हेतु ईको मित्रम ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है अथवा https://ecomitram.app/nspc लिंक के माध्यम से भी पंजीकरण कर प्रश्नोत्तरी में भाग लिया जा सकता है। प्रतिभागी अपनी सहभागिता के प्रमाणपत्र को ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकेंगे।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला पर्यावरण संरक्षण संयोजक ताम्रध्वज ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य वृक्ष संरक्षण, जल संरक्षण तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करना है। वहीं बिलासपुर विभाग के सह विभाग कार्यवाह श्री राजकुमार कश्यप ने इसे आमजन को पर्यावरण के प्रति जोड़ने का एक अनुकरणीय प्रयास बताया।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता पर्यावरण जागरूकता, नवाचार तथा सहभागिता का एक राष्ट्रीय मंच है, जिससे नई पीढ़ी को न केवल पर्यावरणीय मुद्दों की जानकारी मिलेगी, बल्कि उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर भी मिलेगा।

इस अवसर पर मोहन, संदीप ताम्रकार, सुनील सिंह, आकाश सोनी, गजेंद्र साहू एवं अमन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *