बोदरी नगर पंचायत में भीषण जल संकट, महिलाओं का विरोध प्रदर्शन

बोदरी नगर पंचायत के हर वार्ड में भीषण जल संकट गहरा गया है। भीषण गर्मी के बीच बूंद-बूंद पानी के लिए वार्डवासी परेशान हैं। शुक्रवार को पानी की भारी किल्लत से नाराज महिलाओं ने नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल संकट के शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों और महिलाओं ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद भी अब तक पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। कई दिनों से टंकियों और नलों से पानी आना बंद है, जिससे नागरिकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता उस वीडियो से और भी उजागर हो गई है, जो हाल ही में सामने आया है।

मनमानी जल आपूर्ति का आरोप

रायपुर-बिलासपुर हाईवे पर स्थित एक वेज रेस्टोरेंट के बगल में संचालित ढाबों को मनमाने तरीके से जल आपूर्ति की जा रही है, वह भी बिना किसी अधिकृत अनुमति के। इस अवैध जल आपूर्ति ने लोगों के आक्रोश को और भड़का दिया है।

प्रशासन की चुप्पी पर नाराजगी

घटनाक्रम के बाद भी नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जल संकट और कथित टैंकर घोटाले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पंचायत कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *