छत्तीसगढ़: बेटे का शव लेकर SP कार्यालय पहुंचा शिक्षक, कहा- मारा गया सरपंच के घर में, पुलिस ने एफआईआर नहीं की दर्ज

पुसौर थाना क्षेत्र के रणभाटा गांव निवासी शिक्षक के बेटे की कथित तौर पर गांव के बीजेपी समर्थित सरपंच पति व उसके समर्थकों की पिटाई से निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजन शव को शव वाहन में रखकर एसपी कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया। पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद हंगामा जारी रहा। आखिरकार एएसपी ने परिजनों को मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन मौके से हटे और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। मामले की अभी एफआईआर तक नहीं दर्ज की गई है।

गांव निवासी कौशल प्रसाद मिश्रा के मुताबिक, वह क्षेत्र के पुसलदा के सरकारी हाईस्कूल में अध्यापक हैं, महेन्द्र मिश्रा (25) उनका इकलौता बेटा था, जो गुरुवार को गांव की सरपंच ममता छत्तर के घर गया था। कौशल ने बताया कि उनके पास ममता के देवर जन्मजय छत्तर ने दोपहर में फोन किया और बताया कि महेन्द्र घर आया है और मेरे भाई राजकुमार जो सरपंच पति हैं, उनसे विवाद कर रहा है। इसपर कौशल ने अपने बेटे से उसी के मोबाइल पर बात की तो महेन्द्र ने बताया कि उसे बहुत पीटा गया है।

शिक्षक के अनुसार अपने बेटे की पिटाई की बात सुनकर वह फौरन घर आया और कुछ पारिवारिक सदस्यों के साथ सरपंच के घर गया, जहां पर उसका बेटा सोफे पर अचेत पड़ा था। इसपर सभी ने उसको उठाकर जिला मुख्यालय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी पर कोतवाली सिटी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार के लोग एकत्र हुए और शव लेकर करीब डेढ़ घंटे तक एसपी कार्यालय में हंगामा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *