मुंगेली : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कस्तूरबा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, विनोबा नगर, मुंगेली में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी मुंगेली श्री अभिनव कुमार से संपर्क कर “एक पेड़ गुरु और माँ के नाम” संकल्प के अंतर्गत मामा-भाचा नर्सरी से पौधे प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा का महत्व तथा वृक्षारोपण की आवश्यकता और लाभ के बारे में बताया गया। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे अपने गुरु और माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर आने वाले पाँच वर्षों तक उसका संरक्षण करें। विद्यार्थियों को समी, आँवला, बरगद, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे ग्रहण किए और घर जाकर पौधा लगाकर सेल्फी लेकर साझा किया, जिससे उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जुड़ाव देखने को मिला।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्यावर्त ब्राह्मण महासभा, जिला मुंगेली के जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री शैलेश कुमार पाण्डेय ने की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सहित आर्यावर्त ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष श्री ब्रह्मदत्त त्रिपाठी तथा समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि गुरु और माँ जैसे महान संबंधों को सम्मान देने की सुंदर पहल भी की। इस अवसर ने विद्यार्थियों को प्रकृति और जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त कार्य किया।