बिलासपुर: आज शाम हुई जोरदार बारिश से कलेक्टर बंगले सहित निचली बस्तियों और कालोनियों में घरों में नाले का पानी घुस गया। कलेक्टर बंगले और एसपी दफ्तर में भी पानी भर गया, जिसे निकालने के लिए निगम की टीम जुट गई है, और मोटर लगाकर पानी निकाला जा रहा है।
शहर के मेन रोड और रिहायशी इलाकों की गलियां लबालब हो गई। करीव 2 घंटे की बारिश से निगम की घोर अव्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम का काम किस तरीक़े से किया जा रहा जाए वह सामने आ गया। राजेंद्र नगर, अज्ञेय नगर, विनोबा नगर, विद्यानगर, मगरपारा, मंझवापारा, मित्र विहार कॉलोनी और सरकंडा क्षेत्र के साथ ही दर्जनों कॉलोनियों में बारिश का पानी लोगो के घरों में घुस गया।
जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश के साथ शहर के कई इलाकों में बिजली चली गई है, ब्लैकआउट होने से लोग हलाकान हैं, हालांकि प्रशासन जल्द हालात पर काबू पाने की बात कह रहा है।
बारिश के बीच चौक-चौराहों व मेन रोड में पानी भरने के बाद वाहनों की कतार लग गई। पुराना बस स्टैंड में चार फीट तक पानी भर गया। इसी तरह अशोक नगर चौक व्यापार विहार, देवकी नंदन चौक, गोलबाजार में जगह-जगह पानी भरने के बाद वाहनों की कतार लगी रही। इसके चलते जाम से लोग हलाकान रहे।
बारिश के दौरान शाम से लेकर बिजली बार-बार आती जाती रही। इसके चलते शहर में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। सरकंडा, मंगला, PGBT कॉलेज सबस्टेशन में तकनीकी खामी बताकर बिजली बंद कर दिया गया था। अमूमन बिलासपुर के हर क्षेत्र में यही स्थिति देखने को मिल रही है।