छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी सिलसिले में, आज एसीबी की टीम ने कोरबा जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2025 को प्राथमिक शाला केसला, जिला कोरबा में पदस्थ प्रधान पाठक रामायण पटेल ने एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी भी उसी स्कूल में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी शिक्षक विनोद कुमार सांडे, जो कि माध्यमिक शाला बेला में पदस्थ हैं, ने प्रार्थी की पत्नी का ट्रांसफर दूरस्थ स्कूल में होने की बात कहकर, खुद को डीईओ (जिला शिक्षा अधिकारी) और बीईओ (ब्लॉक शिक्षा अधिकारी) से संपर्क वाला बताते हुए, ट्रांसफर को पास के स्कूल ओमपुर में कराने के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता रामायण पटेल ने रिश्वत की रकम देने से इनकार करते हुए आरोपी को पकड़वाने की योजना बनाई। एसीबी द्वारा मामले का सत्यापन किए जाने पर शिकायत को सही पाया गया और एक ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई गई।
योजना के तहत, जैसे ही आरोपी विनोद कुमार सांडे कोरबा के निहारिका स्थित प्रार्थी के निवास पर 2 लाख रुपये की रिश्वत लेने पहुँचे, एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।