मुंगेली— जिला मुख्यालय से समीप ग्राम नुनियाकछार में आस्था, संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक “बगदाई मेला उत्सव” इस वर्ष भी पूरे उल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय मेला 01 फरवरी से 03 फरवरी 2026 तक चलेगा। इस वर्ष मेला अपने 14वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बगदाई माता को समर्पित यह मेला वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक रहा है। आयोजन समिति के अनुसार यह उत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति, लोककला और सामाजिक समरसता को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है।
पहला दिन – पूजा-अर्चना व भजन संध्या
मेला उत्सव का शुभारंभ 01 फरवरी 2026, रविवार को सायं 5 बजे बगदाई माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भजन संध्या के साथ होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। भजन संध्या में स्थानीय एवं बाहर से आए कलाकारों की भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहेगा।
दूसरा दिन – मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
02 फरवरी 2026, सोमवार को सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह एवं विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा, जिससे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़े।
तीसरा दिन – लोक संस्कृति की भव्य प्रस्तुति
मेला उत्सव का समापन 03 फरवरी 2026, मंगलवार को छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति को समर्पित भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा। रात्रि 9 बजे से प्रसिद्ध लोक गायिका पायल साहू एवं संचालक/निर्देशक आकाश चन्द्राकर के नेतृत्व में लगभग 40 कलाकारों द्वारा लोकप्रिय लोक मंचन “चिन्हारी” लोक मंजीरा की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।
तीन दिवसीय मेले के दौरान झूले, खेल-तमाशे, खानपान की दुकानें एवं विभिन्न अस्थायी दुकानें लगेंगी। दुकान लगाने के इच्छुक व्यापारियों से मेला समिति से पूर्व अनुमति लेने की अपील की गई है।
इस भव्य आयोजन का संचालन जय बगदाई सेवा समिति, नुनियाकछार द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष विश्वराज सिंह परिहार ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित मेला उत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।