मुंगेली।
स्थानीय कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति द्वारा संचालित कस्तूरबा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, मुंगेली में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक डॉ. सुनील सोनी ने की, जबकि कोटडिया ब्रदर्स के संचालक संदीप कोटडिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नंदू गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन थे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां भारती के समक्ष पूजन-अर्चन एवं ध्वजारोहण के साथ की गई। इसके पश्चात अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया। समारोह में विद्यालय की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि संदीप कोटडिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय को जो भी आवश्यकता होगी, उसकी पूर्ति की जाएगी। विद्यालय का निरंतर विकास हो, यही ईश्वर से कामना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सुनील सोनी ने कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय परिवार एवं स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यक्रम को अत्यंत सुंदर एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया गया है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को नियम और अनुशासन के साथ जीवन जीने की सीख दी।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य ब्रह्मदत्त त्रिपाठी द्वारा किया गया। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ।