बिलासपुर। नवरात्रि के छठे दिन बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा कोनी से प्रारंभ होकर रतनपुर महामाया मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। लगभग 171 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर यात्रा ने अंतिम पड़ाव लिया। रतनपुर पहुंचकर विधायक सुशांत शुक्ला ने पदयात्रियों संग मां महामाया का दर्शन-पूजन कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुनकर यात्रा की शुरुआत हुई, जो सेदरी, लोफनदी, अमतरा, पेंडारवा, रानीगांव और मदनपुर होते हुए शाम 8 बजे रतनपुर पहुंची। यात्रा के समापन अवसर पर विधायक ने क्षेत्र की जनता और पदयात्रियों के अभूतपूर्व सहयोग के लिए आभार जताया।

ध्वजा यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप भी शामिल हुए। उन्होंने पदयात्रियों के साथ कुछ दूरी तक पैदल चलकर उत्साहवर्धन किया। सुशांत शुक्ला ने उन्हें चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री कश्यप ने कहा कि यह यात्रा सनातन संस्कृति की अविरल धारा का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि मां महामाया की कृपा से प्रदेश खुशहाली की ओर अग्रसर हो और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने भी विधायक सुशांत शुक्ला को फोन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ध्वजा यात्रा पूरे नवरात्रि काल में प्रदेशभर में चर्चा का विषय रही है। गांव-गांव और गली-मोहल्लों से होते हुए आपने जो कठिन पदयात्रा की, वह आपके साहस और क्षमता का परिचायक है।

यात्रा के समापन पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा— “आदिशक्ति महामाया देवी प्रदेशवासियों सहित बेलतरा विधानसभा के सभी लोगों को स्वस्थ और दीर्घायु जीवन प्रदान करें। बेलतरा का सुशासन रथ इसी गति से विकास की नई राह खोलता रहेगा। इसी संकल्प के साथ इस वर्ष की ध्वजा यात्रा को विराम दिया जा रहा है।”