फोटो गलत एंगल से ली गई, कोई बदलाव नहीं हुआ, सारनाथ के अशोक स्तंभ पर मचे घमासान पर बोले मूर्तिकार, बताया 7 फिट और 7 मीटर का फर्क

नई दिल्ली : नए संसद भवन की छत पर लगे अशोक स्तंभ के राष्ट्रीय प्रतीक को बनाने वाले औरंगाबाद के मूर्तिकार सुनील देवरे ने मंगलवार को विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रतीकों में कोई स्पष्ट बदलाव नहीं किया गया है। फोटो गलत एंगल से ली गई, कोई बदलाव नहीं हुआ, साथ ही मूर्तिकार ने सारनाथ में मौजूद मूल प्रतिमा से बड़े आकार की बनाई गई प्रतिमा को लेकर स्पष्टीकरण देते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रतीक का अनावरण किया था।

मूर्तिकार सुनील देवरे बताया कि राष्ट्रीय प्रतीक बेहद शुद्ध कांस्य से बना है जिसका कुल वजन 9500 किलोग्राम है। इसकी ऊंचाई 6.5 मीटर है। यह प्रतीक सम्राट अशोक की सारनाथ राजधानी में मौजूद प्रतीक की कॉपी है। देवरे ने कहा, “असली प्रतीक 7 फीट ऊंचा है जबकि नया प्रतीक लगभग 7 मीटर (लगभग 21 फीट) ऊंचा है। वायरल हो रहे प्रतीक चिन्ह की तस्वीर जमीनी स्तर से ली गई है और जब आप इसे उस एंगल से देखते हैं तो इसका कैरेक्टर बदला हुआ नजर आता है।” उन्होंने कहा, “मैंने सही ढंग से स्टडी करने के बाद राष्ट्रीय प्रतीक को बनाया है। मुझे टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा प्रतीक बनाने का काम दिया गया था और मुझे सरकार से कोई निर्देश नहीं मिला।

क्या सवाल उठा रहा है विपक्ष

दरअसल विपक्षी दलों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सरकार पर राष्ट्रीय प्रतीक को बदलने का आरोप लगाया। विपक्ष का कहना है कि सरकार ने अशोक की लाट के ‘मोहक और राजसी शान वाले’ शेरों की जगह ‘उग्र शेरों’ का चित्रण कर राष्ट्रीय प्रतीक को बदल दिया है।

इससे पहले लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने ट्वीट किया, ‘‘नरेंद्र मोदी जी, कृपया शेर का चेहरा देखिए। यह महान सारनाथ की प्रतिमा को परिलक्षित कर रहा है या गिर के शेर का बिगड़ा हुआ स्वरूप है। कृपया इसे देखिए और जरूरत हो तो इसे दुरुस्त कीजिए।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *