Home Uncategorized बिलासपुर में आज हो सकती है हल्की बारिश: दिन में धूप ने...

बिलासपुर में आज हो सकती है हल्की बारिश: दिन में धूप ने बढ़ाई गर्मी और उमस, शहर में 32 डिग्री पंहुचा अधिकतम तापमान

29
0
बिलासपुर/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आज से कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। पिछले 7 दिनों से मानसून कमजोर पड़ने से जिले में गर्मी और उमस बढ़ गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री पर पहुंच गया। लोग गर्मी से हलकान नजर आए।

शहर में सोमवार की रात अचानक कुछ देर के लिए अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार, शहर में 3.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि जिले के 12 अन्य तहसीलों में कहीं भी एक बूंद पानी नहीं गिरा।

5 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका फिर से सक्रिय होने जा रही है, जिसके कारण 5 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मंगलवार को पूरे दिन मौसम शुष्क रहा। सुबह से धूप की किरणें चुभ रही थी।

दोपहर में धूप के चलते गर्मी और उमस ने खूब हलकान किया। फिलहाल, गर्मी और उमस का माहौल बना हुआ है। सूर्य का प्रभाव भी तेज है। दिन का तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। जो सामान्य से अधिक है।

द्रोणिका और चक्रीय चक्रवात से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक एक निम्न दाब का क्षेत्र पश्चिम विदर्भ और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, उदयपुर, निम्न दाब का केंद्र, रामागुंडम, कलिंगपट्टनम और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व- मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।

एक विंड शियर जोन 20 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण तटीय आंध्र प्रदेश और यमन तथा उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से अब मौसम बदल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here