Home अपराध गुरुग्राम में फिर हिंसा भड़काने की कोशिश? चेहरा ढक पहुंचे 10-12 लोग,...

गुरुग्राम में फिर हिंसा भड़काने की कोशिश? चेहरा ढक पहुंचे 10-12 लोग, मीट की दुकान पर फेंके पत्थर

158
0

गुरुग्राम में पिछले हफ्ते भड़की हिंसा के बाद हालात सामान्य हो रहे हैं। इसी बीच कुछ लोग दोबारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच मंगलवार को हमलावरों के एक समूह ने सीआरपीएफ चौक के पास एक मीट की दुकान पर कथित तौर पर पथराव किया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पत्थरों से मीट की दुकान की खिड़की का शीशा टूट गया। पुलिस ने बताया कि किराए पर दुकान चलाने वाले मोहम्मद जावेद को हमले में मामूली चोटें आई हैं।

हालांकि, पुलिस ने इस बात से इनकार किया है कि यह हमला हरियाणा में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा से जुड़ा है, जिसमें दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित छह लोग मारे गए थे। जावेद ने अपनी शिकायत में कहा कि वह दुकान के अंदर काम कर रहा था तभी उसने शीशा टूटने की आवाज सुनी। पत्थर से चोट लगने के बाद जावेद का भतीजा बाहर निकला तो देखा कि 10-12 लोग दुकान पर हमला कर रहे हैं। जावेद ने अपनी शिकायत में कहा, कुछ हमलावरों ने नकाब से चेहरा ढका हुआ था और उनके हाथों में लाठियां थीं।

पुलिस ने कहा कि जावेद की शिकायत के बाद, सोमवार देर रात सेक्टर 5 पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (चोट पहुंचाना), 147 (दंगा), 149 (गैरकानूनी सभा), 427 (नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

धार्मिक स्थल और घर पर हमला

इससे पहले गांव खांडसा के मुख्य बाजार स्थित एक धार्मिक स्थल को कुछ असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी थी। वहीं सेक्टर-9 पुलिस थाना क्षेत्र में एक घर पर पथराव किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली है। आगजनी के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को दी शिकायत में धार्मिल स्थल की देखरेख करने वाले घसीटे राम ने बताया कि यहां गांव के सभी धर्मों के लोग आते हैं। पांच अगस्त की रात करीब 8.30 बजे वह धार्मिक स्थल को बंद करके अपने घर फिरोज गांधी कॉलोनी चले गए थे। देर रात करीब 1.30 बजे अज्ञात लोगों ने यहां आग लगा दी। आसपास के लोगों और राहगीरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। कुछ ही देर में वह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि धार्मिक स्थल के दरवाजे के अंदर रखा सारा सामान जला हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here