उरमाल अश्लील डांस मामला: नियम विरुद्ध अनुमति देने पर एसडीएम निलंबित

उरमाल में आयोजित अश्लील डांस मामले में आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कमिश्नर महादेव कांवरे ने जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद आयोजन की अनुमति देने वाले मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम को निलंबित कर दिया है।

जांच में सामने आया कि देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल गांव में 6 दिवसीय ओपेरा के आयोजन के लिए स्थानीय युवकों की समिति ने मनोरंजन के नाम पर अनुमति ली थी। हालांकि आयोजन के तीसरे दिन, 7 जनवरी से कार्यक्रम में अश्लील नृत्य शुरू कर दिया गया।

इसके प्रचार-प्रसार के लिए ‘ओडिसा की सनी लियोनी’ बताकर आपत्तिजनक वीडियो भी जारी किए गए, जिससे 8 जनवरी से बड़ी संख्या में भीड़ जुटने लगी।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब 9 जनवरी को एसडीएम तुलसी दास मरकाम स्वयं आयोजन स्थल पर कार्यक्रम देखने पहुंचे।

जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अश्लील नृत्य के लिए नियमों के विरुद्ध अनुमति दी गई थी और प्रशासनिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ।


इन तथ्यों के आधार पर कमिश्नर ने एसडीएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में नियमों और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *