महिला कल्याण समाज, SECL द्वारा दृष्टि बाधित बालिकाओं के लिए संचालित ज्ञानदीप कन्या विद्यालय में एक प्रेरणादायी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को राशन सामग्री, फल, बिस्किट, तिल के लड्डू सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
यह सेवा कार्य श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती शशि दुहन जी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण समाज की पदाधिकारियों एवं सदस्यों को दृष्टि बाधित बच्चों की विलक्षण प्रतिभा को निकट से देखने और अनुभव करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में बच्चों ने गीत-संगीत, स्वरचित कविताओं तथा वाद-विवाद जैसी मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों को भावुक और प्रेरित कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि दृष्टि बाधित बच्चे ईश्वर की अनुपम कृति हैं, जिनमें अपार प्रतिभा और आत्मबल निहित है।

इस अवसर पर सभी सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर गायत्री मंत्र का सामूहिक पाठ किया। साथ ही, शेफाली घोष द्वारा बच्चों को Good Touch – Bad Touch के विषय में जागरूक किया गया, जिससे उनमें आत्म-सुरक्षा के प्रति समझ और सजगता विकसित हो सके।
यह संपूर्ण सेवा कार्यक्रम महिला कल्याण समाज की सचिव श्रीमती माधुरी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज की सक्रिय सदस्याएँ—श्रीमती रेहाना खान, कविता घोष, कृति गंगाजली, पुष्पलता पटेल, सरोज वस्त्रकार, शेफाली घोष, सविता चौहान एवं सुनीता जायसवाल—की सराहनीय सहभागिता रही।