छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शालेय शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षामंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात की। प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे के नेतृत्व में हुई इस बैठक में TET अनिवार्यता, भर्ती–पदोन्नति नियम 2026, युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक और विभागीय परीक्षाओं जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संघ ने TET को लेकर शिक्षकों की चिंताओं को सामने रखते हुए मांग की कि RTE से पहले नियुक्त शिक्षकों को TET से मुक्त रखा जाए। वहीं, बाद में नियुक्त शिक्षकों के लिए सरल विभागीय परीक्षा की व्यवस्था लागू की जाए। इस पर शिक्षामंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी भी शिक्षक का अहित नहीं होने दिया जाएगा और सभी के हित में संतुलित समाधान तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा, संघ ने भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में व्यापक बदलाव की जरूरत पर जोर देते हुए एलबी संवर्ग के शिक्षकों के साथ संभावित पक्षपात का मुद्दा उठाया। इस पर शिक्षामंत्री ने संगठन से विस्तृत सुझाव मांगे और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक सकारात्मक रही और शिक्षामंत्री ने सभी मांगों के निराकरण के लिए अधिकारियों को त्वरित निर्देश दिए हैं। संघ को उम्मीद है कि जल्द ही इन मुद्दों पर ठोस और राहतभरे फैसले सामने आएंगे।