बड़े डोंगरी में 3 हजार कंटूर ट्रेंच से होगा जल संरक्षण, ग्रामीणों को मिला रोजगार

25 लाख लीटर जल संग्रहण क्षमता विकसित, निर्माण कार्य से अब तक 2400 मानव दिवस रोजगार का सृजन

लोरमी। जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुधवारा के आश्रित ग्राम बड़े डोंगरी में स्टेगर्ड कंटूर ट्रेंच निर्माण का कार्य महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है। वर्षा जल के संरक्षण और मिट्टी के कटाव को रोकने के उद्देश्य से यहां लगभग 3 हजार कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया है। इनकी कुल जल संग्रहण क्षमता करीब 25 लाख लीटर बताई गई है। इस पहल से गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से जूझने वाले ग्रामीण परिवारों को भविष्य में राहत मिलने की उम्मीद है।

ढलान वाले क्षेत्रों में बारिश का पानी अक्सर तेज बहाव के साथ बहकर निकल जाता है। कंटूर ट्रेंच के माध्यम से इस पानी को रोककर धीरे-धीरे जमीन में समाहित होने का अवसर मिलता है। इससे भूजल पुनर्भरण, मिट्टी के कटाव में कमी और भूमि में नमी बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके साथ ही पेड़-पौधों के विकास तथा आसपास के जलस्रोतों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

निर्माण कार्य से ग्रामीणों को मिला रोजगार

बड़े डोंगरी में कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य से जल संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को भी सहारा मिला है। निर्माण के दौरान प्रतिदिन लगभग 150 से 160 श्रमिकों को काम उपलब्ध कराया गया। अब तक इस कार्य के माध्यम से करीब 2400 मानव दिवस रोजगार का सृजन हुआ है।

स्थानीय स्तर पर काम मिलने से ग्रामीण परिवारों को रोजगार का अवसर मिला है और गांव में जल एवं मृदा संरक्षण की दिशा में उपयोगी परिसंपत्ति भी तैयार हुई है।

जल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल

कंटूर ट्रेंच का निर्माण ढलान के अनुरूप समोच्च रेखाओं पर किया जाता है, जिससे वर्षा जल का बहाव नियंत्रित होता है और पानी को जमीन में रिसने में मदद मिलती है।

इससे भूमि की नमी बनाए रखने, भूजल स्तर में सुधार की संभावनाएं बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहायता मिलती है। बड़े डोंगरी में किया गया यह कार्य आने वाले समय में जल संकट से निपटने और ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ जल प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी साबित हो सकता है।

अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरा हुआ कार्य

ग्राम बड़े डोंगरी में कंटूर ट्रेंच निर्माण कार्य को कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में मूर्त रूप दिया गया। इसमें मुख्य कार्यपद अधिकारी जिला पंचायत श्रीमान गोकुल रावटे परियोजना अधिकारी (वीबी जी राम जी)श्रीमान कृष्णकांत साहू के कुशल नेतृत्व व लोरमी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेश कुमार कंवर के साथ तकनीकी सहायक अजय राठौर, कार्यक्रम अधिकारी योगेश सोनी एवं रोजगार सहायक सोनू अहिरवार की भूमिका रही। जल संरक्षण और ग्रामीण रोजगार को एक साथ जोड़ने वाली यह पहल क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *