6 साल की बच्ची की दवाई की ओवरडोज से मौत: छत्तीसगढ़ में कब्र खोदकर निकाला गया शव; अस्पताल के MD बोले- इलाज में लापरवाही हुई

महासमुंद/ छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 6 साल की बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को उसका शव कब्र खोदकर निकाला गया। आरोप है कि बच्ची की मौत नवजीवन अस्पताल में दवाओं के ओवरडोज से हुई है। मामला सामने आने के बाद अस्पताल का स्टाफ भाग निकला है। वहीं अस्पताल के MD डॉ. शिवम पांडेय ने उपचार में गलती की बात स्वीकार की है। दूसरी ओर मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मेडिकल अफसरों का कहना है कि अस्पताल पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही BMO ने इस संबंध में क्या किया, इसकी भी जांच होगी।

उल्टी-दस्त होने पर बच्ची को ले गए थे क्लीनिक

तुमगांव निवासी नेतराम धीवर की बेटी अंकिता धीवर (6) को उल्टी-दस्त हो रहे थे। इस पर परिजन उसे गुरुवार को भोरिंग में उदयराम साहू के क्लीनिक ले गए। वहां बच्ची की हालत देखकर उदयराम ने बच्ची के शरीर में पानी की कमी बताई और ग्लूकोज चढ़ाने के लिए नवजीवन अस्पताल ले जाने को कहा।

परिजनों ने बताया कि नवजीवन अस्पताल में नर्स ने एडमिट फार्म भराया और 200 रुपए लिए। इस दौरान वहां कोई डॉक्टर नहीं था। नर्स ने ही बच्ची को ड्रिप चढ़ाई। ड्रिप चढ़ाते वक्त ही बच्ची को घबराहट होने लगी। वह परेशान होकर उछलने लगी और कुछ देर में बेहोश हो गई।

बच्ची की हालत बिगड़ी तो सरकारी अस्पताल किया रेफर

बच्ची की हालत बिगड़ती देख अस्पताल स्टाफ उसे एक्स-रे कराने ले गए, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। आरोप है कि यह देखकर अस्पताल स्टाफ ने रात करीब 10 बजे बच्ची को सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए कहा। इसके बाद परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे।

सरकारी अस्पताल में चेकअप के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची की मौत बहुत पहले ही हो चुकी थी। आरोप है कि इसके बाद भी नवजीवन अस्पताल ने उसे सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची की मौत पर परिजन फिर नवजीवन अस्पताल पहुंच गए और हंगामा कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *