मुंगेली। विश्व हिंदू परिषद का 62वां स्थापना दिवस समारोह कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विनोबा नगर, मुंगेली में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री पुहुप साहू उपस्थित रहे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष श्री भागीरथी खांडे, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश संतवानी, जिला विशेष संपर्क प्रमुख श्री ब्रह्मदत्त त्रिपाठी, बजरंग दल के जिला संयोजक श्री हीरा साहू, दुर्गा वाहिनी की जिला सह-संयोजिका जाह्नवी ठाकुर, नगर संयोजक श्री कन्हैया यादव तथा बजरंग दल सदस्य श्री अतुल साहू उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री पुहुप साहू ने संगठन के इतिहास, उद्देश्यों एवं “धर्मो रक्षति रक्षितः” के संदेश पर विस्तृत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद विगत 62 वर्षों से हिंदू समाज, संस्कृति एवं संस्कारों की रक्षा और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

जिला विशेष संपर्क प्रमुख श्री ब्रह्मदत्त त्रिपाठी ने सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। वहीं दुर्गा वाहिनी की जिला सह-संयोजिका सुश्री जाह्नवी ठाकुर ने दुर्गा वाहिनी के उद्देश्य, उसकी भूमिका, नारी शक्ति के जागरण तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक विभाग की प्रभारी शिक्षिका सुश्री मातेश्वरी देवांगन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ विश्व हिंदू परिषद के 62वें स्थापना दिवस समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।