मेडिकल कॉलेज में बच्चों की मौत पर प्रभारी मंत्री शिव डहरिया की डॉक्टरों को दो टूक. घटना की पुनरावृत्ति न हो किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अंबिकापुर/रायपुर। सरगुजा जिले के प्रभारी एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने अम्बिकापुर के मातृ एवं शिशु अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने भी अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारियों तथा चिकित्सकों से नवजात शिशुओं की मृत्यु के कारणों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

डहरिया ने अस्पताल के मेडिकल स्टाफ को चेतावनी देते हुए दो टूक कहा कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए निर्देश किया कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक और शिशु रोग प्रभारी दोनों एक साथ अवकाश पर नहीं जाएंगे। अवकाश पर जाने से पहले ड्यूटी के लिए एवजी जरूर हो। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों या प्रोफेसर की कमी है तो संविदा पर भर्ती कर ली जाए।

प्रभारी मंत्री ने अस्पताल में साफ-सफाई में कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने देने के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस मशीन लगाने के भी निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने एसएनसीयू तथा शिशु वार्ड का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *