छत्तीसगढ़: सरकार बनने के बाद पहली बार हुई पराजित प्रत्याशियों की बैठक, आगामी चुनाव की तैयारियों पर भी हुई चर्चा

रायपुर। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पराजित प्रत्याशी याने छाया विधायकों की एक बैठक एक निजी होटल में संपन्न हुई। बैठक में अपने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण, सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, संगठन की मजबूती के साथ ही आगामी चुनाव के संदर्भ में भी चर्चा हुई । बैठक में प्रमुख रूप से गुरमुख सिंह होरा , मोतीलाल देवांगन सुनील माहेश्वरी , राजेंद्र शुक्ल , अनिल चंद्रा, गोरेलाल बर्मन , संजय नेताम, शत्रुघ्न सोनू चंद्राकर, राजेंद्र साहू, राकेश पात्रे शामिल हुए, वहीं गिरवर जंघेल, विभोर ठाकुर, लक्ष्मण मस्तुरिया एवं लक्ष्मी साहू बैठक में नहीं पहुंचे पर अपनी वर्चुअल सहमति दी ।

बैठक की क्यों पड़ी जरुरत..?

चुनाव के ढाई साल बाद आखिर इस तरह की बैठक की क्यों जरुरत पड़ रही है, इस सवाल के जवाब में कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि लंबे समय से छाया विधायकों की कोई बैठक नहीं हुई थी, सभी एक दूसरे से मिलना चाहते थे, इसलिए भोजन के बहाने यह बैठक हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार के कामकाज से असंतोष वाली कोई बात नहीं है, सरकार प्रदेश में अच्छा काम कर रही है।

आगामी चुनाव की भी हो रही है तैयारी

आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी के संबंध में पूछे जाने पर कन्हैया ने कहा “स्वाभाविक है कि हर कोई चुनाव लड़ना चाहता है, टिकट किसे मिलती है, यह अलग बात है। हम भी अगले चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं।” अपनी पार्टी की सरकार होने के बावजूद छाया विधायकों को कोई महत्वपूर्ण पदों से नवाजे नहीं जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को पद मिलना संभव भी नहीं होता, वैसे भी गुरमुख सिंह होरा और मोतीलाल देवांगन महत्वपूर्ण पदों पर हैं और कुछ को संगठन में जिम्मेदारी मिली हुई है।

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया एवं सह प्रभारी चंदन यादव सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों से भेंट कर उन्हें स्थितियों से अवगत कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *