खबरों की खबर: 15 दिन में जितना महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, दिवाली पर एक ही दिन में हुआ उतना सस्ता, ऐसे समझे तेल का खेल
दिवाली से एक दिन पहले बुधवार की शाम को केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी यानी उत्पाद शुल्क घटाने का फैसला किया है। नए दाम चार नवंबर से लागू होंगे।
पिछले माह 15 अक्टूबर के बाद से अगर पेट्रोल और डीजल की कीमतों को देखें तो पता चलता है कि 15 अक्टूबर पेट्रोल की कीमत 105.14 रुपए प्रति लीटर और डीजल का भाव 93.87 रुपए प्रति लीटर था।
वहीं, 3 नवंबर की बात करें तो पेट्रोल का दाम 110.05 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.42 रुपए प्रति लीटर थी। अब केंद्र सरकार की ओर से इन दोनों ईंधनों पर एक्साइज ड्यूटी में कमी करने के फैसले के बाद चार नवंबर से पेट्रोल का दाम 105.04 रुपए प्रति लीटर और डीजल का दाम 88.42 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा।
ऐसे में 15 अक्टूबर से तीन नवंबर के बीच पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को देखें तो पेट्रोल के दाम में 4.9 रुपए की तेजी आई थी और डीजल के दाम 4.55 रुपए बढ़े। ऐसे में इस समयावधि के दौरान इनकी कीमतों में तुलना बताती है कि पेट्रोल और डीजल के दाम जितने बढ़ गए, केंद्र सरकार ने लगभग उतनी ही कटौती करने का फैसला किया है।
पेट्रोल-डीजल पर सबसे ज्यादा एक्साइज ड्यूटी
बता दें कि केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर सबसे अधिक एक्साइज ड्यूटी लगाती है। पिछले साल पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क को 19.98 से बढ़ाकर 32.9 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया था। डीजल पर शुल्क बढ़ाकर 31.80 रुपए किया था। इससे देश के सभी बड़े शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है और कई राज्यों में डीजल भी सैकड़ा लगा चुका है।