फ्रीटाउन। पश्चिम अफ्रीकी देश सिएरा लिओन की राजधानी फ्रीटाउन में एक तेल टैंकर में धमाके के साथ आग लगने से 91 लोगों के मारे जाने की खबर है। ये लोग टैंकर से रिस रहा तेल भरने के लिए उमड़े तभी तेल में आग लग गई और फिर टैंकर में जोरदार धमाका हो गया। इससे वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।
घटना उस वक्त हुई जब करीब 40 फीट लंबा तेल टैंकर एक बस से टकरा गया। इसके बाद हुए टैंकर से तेल का रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में आग के साथ हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी।
पोर्ट सिटी के मेयर यवोन अकी सॉयर ने बताया कि पीड़ितों में वे लोग भी शामिल हैं जो क्षतिग्रस्त टैंकर से रिस रहे तेल को एकत्रित करने उमड़े थे।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी की प्रमुख ब्रिमा ब्यूरेह सेसे ने कहा कि हमें कई जले हुए शव मिले हैं। यह बेहद भयावह दुर्घटना है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग बुरी तरह से जले हुए हैं। आसपास के घरों और दुकानों में भी आग लग गई है।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार सरकार ने अब तक मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन फ्रीटाउन में केंद्रीय मर्चुरी के प्रबंधक के अनुसार विस्फोट के बाद उन्हें 91 शव मिले थे।