रायपुर। (Chhath Puja) उत्तर भारतीय समाज का प्रमुख महापर्व छठ छत्तीसगढ़ में भी उत्साह से मनाया जाता हैै। प्रमुख आयोजन राजधानी के महादेवघाट समेत 25 से अधिक तालाबों के किनारे होता है। छठ महापर्व की शुरुआत 8 नवंबर से होने जा रही है। चार दिवसीय आयोजन के पहले दिन सोमवार को नहाय-खाय परंपरा निभाने से होगी।
जोरदार तैयारी, शुरु हुई घाट तालाबों की सफाई
राजधानी रायपुर में छठ पर्व की तैयारी जोरशोर से शुरू हो चुकी है। सबसे बड़ी छठ पर्व आयोजन समिति महादेवघाट के सदस्यों ने पूजा की तैयारी से पहले खारुन नदी के महादेव घाट की सफाई की। समिति के सदस्य सुबह घाट पर पहुंचे और सफाई अभियान चलाया।
आयोजन समिति के संयोजक सुनील सिंह ने बताया कि सदस्यों ने श्रम दान करके महादेव घाट की सफाई की। रविवार को भी समिति के सदस्यों और नगर निगम की सफाई टीम के साथ पूरे घाट के आसपास सफाई की जाएगी।
9 नवंबर को खरना 10 संध्या अर्घ
चार दिवसीय छठ महापर्व 8 नवंबर को नहाय खाय के साथ प्रारंभ होगा। लोहंडा एवं खरना 9 नवंबर को होगा। संध्या अर्घ 10 नवंबर को और उषा अर्घ 11 नवंबर को होगा। 10 नवंबर को संध्या में महादेव घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसमें भोजपुरी गायक और सुर संग्राम विजेता वीरेन्द्र भारती, लोक गायिका सुनीता पाठक और छत्तीसगढ़ के गायक दिलीप षड़ंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज उत्तर प्रदेश की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नृत्य नाटिका कलाकार सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम के द्वारा झांकी की प्रस्तुति दी जाएगी।