नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। चेतन शर्मा की अध्यक्षता वाली ऑल इंडिया सिलेक्शन कमेटी ने 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की।
इस सीरीज के लिए व्हाइट बॉल के उपकप्तान रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से भारतीय टी-20 टीम की कमान संभालेंगे।
बता दें कि विराट कोहली ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वो आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छोड़ देंगे और इस टूर्नामेंट में भारत का अभियान समाप्त होने के बाद सोमवार को वह बतौर टी20 कप्तान आखिरी बाद मैदान पर दिखे। कोहली को टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। उन्हें दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच से भी आराम दिए जाने की उम्मीद है।
टीम को अपने घर में 17 नवंबर से न्यूजीलैंड के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज और दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 नवंबर को जयपुर में, 19 नवंबर को रांची में और 21 नवंबर को कोलकाता में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। टी20 सीरीज से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे सीनियर गेंदबाजों को आराम दिया गया है जबकि आवेश खान और हर्षल पटेल जैसे गेंदबाजों को टीम में शामिल किया गया है।
उनके अलावा श्रेयस अययर और दीपक चाहर की भी टीम में वापसी हुई है। विकेटकीपर के रूप में ईशान किशन और ऋषभ पंत को टीम में चुना गया है।