नई दिल्ली। फ्रांस के मीडिया संस्थान मीडियापार्ट की ओर से आई एक रिपोर्ट के बाद राफेल डील में दलाली का मुद्दा एक बार फिर से भारत से लेकर फ्रांस तक में हलचल होने लगी है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राफेल डील के लिए फ्रेंच एविएशन कंपनी दसॉ ने बिचौलिये को 7.5 मिलियन यूरो की दलाली दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक यह रकम फर्जी कंपनियों और नकली बिलों के जरिए ट्रांसफर की गई थी। इस डील में जिस बिचौलिये का नाम सामने आ रहा है, वह है सुशेन मोहन गुप्ता। सुशेन मोहन गुप्ता को लेकर एक तरफ कांग्रेस ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि उसने मामले की जांच नहीं कराई। वहीं बीजेपी का कहना है कि यूपीए सरकार के दौर में मिलीभगत से ही सुशेन मोहन ने इस काम को अंजाम दिया है।
भारत की डिफेंस और एविएशन इंडस्ट्री से है गहरा ताल्लुक
46 वर्षीय कारोबारी गुप्ता का नाता भारत की डिफेंस और एविएशन इंडस्ट्री से गहरा ताल्लुक रखने वाले परिवार से है। पुरानी दिल्ली में बसे गुप्ता परिवार का पैतृक रूप से कपड़ों का कारोबार था, लेकिन सुशेन के दादा बृज मोहन गुप्ता ने एविएशन की दुनिया में कदम रखा था। गुप्ता ने कई अंतरराष्ट्रीय डिफेंस और एविएशन कंपनियों के साथ करार में रोल अदा किया था।
ब्रिटिश कंपनी वेस्टलैंड एयरक्राफ्ट्स, प्रैट एंड विट्नी समेत कई दिग्गज कंपनियों के साथ गुप्ता ने डील कराई थी। बृज मोहन गुप्ता के बाद उनके बेटे देव ने भी इसे फैमिली बिजनेस के तौर पर जारी रखा और अब सुशेन मोहन गुप्ता परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं।
दिल्ली के अमेरिकन एम्बेसी स्कूल से पढ़े है सुशेन मोहन गुप्ता
दिल्ली के अमेरिकन एम्बेसी स्कूल से पढ़े सुशेन मोहन गुप्ता ने उच्च शिक्षा भी अमेरिका से ही हासिल की है। इसके बाद सुशेन मोहन ने परिवार के एविशन कारोबार के अलावा हॉस्पिटेलिटी और पावर बिजनेस में भी दखल दिया था। सुशेन गुप्ता का नाम 2010 के वीवीआईपी चौपर स्कैम में नाम आया था।
इस डील को अगस्टा वेस्टलैंड से उन्होंने गौतम खैतान और कारोबारी राजीव सक्सेना के साथ मिलकर कराया था। गौतम खैतान के पिता ओपी खैतान का गुप्ता फैमिली से पुराना संबंध रहा है। वह गुप्ता परिवार के वकील के तौर पर काम कर चुके थे।