राजधानी रायपुर के आउटर में रात का तापमान 13 डिग्री तक लुढ़का, 1883 के नवंबर माह में 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था रात का तापमान,सबसे ठंडी रात पेण्ड्रा में

रायपुर। राजधानी रायपुर में रात बीतने के साथ ठंडा का अहसास होने लगा है। रायपुर सिटी में आउटर में रात का तापमान 13 डिग्री तक लुढ़क गया है।

रायपुर के लाभांडी मौसम केंद्र में मंगलवार का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड में नवंबर की शुरुआत में इतना कम तापमान पिछले 10 सालों में दर्ज नहीं हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात रायपुर के लाभांडी केंद्र पर न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से काफी कम था। वहीं रायपुर के लालपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पर पारा 16.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। रायपुर के माना हवाई अड्‌डा केंद्र पर न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम ही है।

10 सालों का रिकॉर्ड टूटा

बताया जा रहा है कि पिछले 10 सालों में रायपुर में नवंबर माह में 13 डिग्री सेल्सियस का तापमान कभी नहीं रहा। रायपुर में 2012, 2013 और 2014 के नवंबर में 13.3, 13.5 और 13.6 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के इतिहास में नवंबर की सबसे ठंढी रात 1883 में आई थी। उस साल 22 नवम्बर को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

सबसे ठंडी रात पेण्ड्रा में दर्ज

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3 डिग्री तक कम है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यहां भी तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम ही रहा। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 12.4 ही रहा है। सबसे ठंडी रात पेण्ड्रा में दर्ज हुई। वहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *