बवाल: आजादी को ‘भीख’ बताने पर कंगना पर भड़की कांग्रेस और शिवसेना, कहा-देशद्रोह का केस दर्ज कर पद्मश्री वापस लें

मुंबई। कंगना रनौत के भारत की आजादी को ‘‘भीख’’ बताने पर काफी विवाद खड़ा होता दिखाई दे रहा है। इसी बयान के चलते कंगना के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज करवाई गई है वहीं अब कांग्रेस और शिवसेना ने भी कंगना के खिलाफ कड़ा कार्रवाई की मांग की है।

शिवसेना नेता नीलम गोरहे ने कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौत पर भारत की आजादी को ‘‘भीख’’ बताने के लिए देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए तथा उनका पद्म श्री पुरस्कार भी वापस ले लेना चाहिए।

दरअसल, अभिनेत्री कंगना रनौत ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि भारत को 1947 में आजादी नहीं, बल्कि भीख मिली थी और हमे ” असली आजादी 2014 में मिली”।

कंगना से पद्मश्री सम्मान वापस लें: कांग्रेस

वहीं कांग्रेस ने कंगना रनौत के बयान को लेकर निशाना साधा और कहा कि यह ‘देशद्रोह’ है और इसके लिए कंगना से पद्मश्री सम्मान वापस लिया जाना चाहिए।

कंगना की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने कहा कि मैं मांग करता हूं कि कंगना रनौत को अपने बयान के लिए सभी देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि हमारे स्वतंत्रता आंदोलन और स्वतंत्रता सेनानियों को अपमान हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार को ऐसी महिला से पद्मश्री सम्मान वापस लेना चाहिए जिसने महात्मा गांधी, सरदर पटेल, सुभाष चंद्र बोस, पंडित नेहरू, सरदार भगत सिंह का अपमान किया है। ऐसे लोगों को पद्मश्री देने का मतलब है कि सरकार इस तरह के लोगों को बढ़ावा दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *