आज रायगढ़ लाया जाएगा छत्तीसगढ़ के कर्नल परिवार का पार्थिव शरीर, सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि

रायगढ़। मणिपुर में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना ने पूरे देश की आंखें ग़मगीन कर दी। यहां घात लगाए उग्रवादियों ने IED ब्लास्ट कर सेना के जवानों को अपना निशाना बनाया। इस हमले में परिवार सहित शहीद कर्नल परिवार का रायगढ़ से गहरा नाता रहा है।

शहीद और उनकी पत्नी व बेटे का पार्थिव शरीर को रविवार देर शाम को विशेष विमान में रायगढ़ के हंडी चौक किरोड़ीमल कालोनी लाया जाएगा। इस घटना की खबर लगते शोकाकुल परिवार के घर लोगों का तांता लग गया। शहीद कर्नल के स्वजनों ने बताया कि विप्लव का बचपन से ही देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा था। विप्लव इसी जज्बे को पूरा करने के लिए सैनिक स्कूल रीवा से शिक्षा दीक्षा हासिल की।

हमले में शहीद हुए कमांडेंट विप्लव त्रिपाठी रायगढ़ के रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी के बड़े बेटे थे। शहीद कमांडेंट विप्लव त्रिपाठी के छोटे भाई अनय त्रिपाठी असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। वह जल्द ही ट्रेनिंग के लिए महू जाने वाले थे। इससे पहले परिवार के साथ खुशियां मना रहे थे। सब साथ बैठकर नाश्ता कर रहे थे, तभी उनको सेना की ओर से शहादत की सूचना मिली। उन्होंने इसकी जानकारी को कन्फर्म किया और फिर वे अपने बड़े भाई, भाभी और भतीजे का शव लेने के लिए मणिपुर रवाना हो गए हैं।

राजकीय सम्मान के साथ होगी अंत्येष्टि

शहीद कमांडेंट विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी और बेटे का पार्थिव शरीर आज शाम तक रायगढ़ लाया जाएगा। वहीँ सोमवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि होगी।

8वीं तक रायगढ़ में पढ़े, फिर रीवा के सैनिक स्कूल में

कमांडेंट विप्लव का जन्म 1980 में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई रायगढ़ में ही हुई। इसके बाद उनको पढ़ने के लिए मध्यप्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल भेज दिया गया। कमांडेंट विप्लव ने साल 2001 में सेना जॉइन की थी। इसके बाद डिफेंस स्टडी में एमएससी किया। जिसके बाद उन्हें प्रमोशन दिया गया और उनकी तैनाती असम राइफल्स में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *